रांची। रांची में अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार देर रात पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। शहर के 15 से अधिक प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर एक साथ चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों और सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय नजर आई।
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। इसका मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाना, अपराधों की रोकथाम करना और आम लोगों के बीच सुरक्षा का माहौल मजबूत करना है।
अभियान के तहत सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक, बिरसा चौक समेत शहर के 15 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सत्यापित की गई। पुलिस ने रात के समय होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।
इसी क्रम में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष अभियान चलाया। यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह के नेतृत्व में प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ सघन जांच की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में कानून का भय कायम रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। सिटी एसपी पारस राणा ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

