लातेहार: झारखंड के लातेहार में एक पुरुष ने सेक्स करने से मना करने पर कथित तौर पर एक महिला के प्राइवेट पार्ट में बोतल ही घुसा दी। हैवानियत की शिकार इस विधवा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना पिछले सप्ताह की है। लातेहार के पुलिस उप अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा, यहां की शोभा देवी का सुदर्शन ठाकुर से कुछ निजी विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते पिछले सप्ताह मंगलवार को उन लोगों में कुछ धक्कामुक्की और हाथापाई हुई। इसमें सुदर्शन ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया। उसके पेट पर लात भी मारी थी। घायल महिला को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उसे रांची के राजेन्द्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) भेज दिया गया। महिला ने दो दिन पहले हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मृतक के परिवारीजनों ने आरोपित को मौत की सजा दिए जाने की मांग करते हुए उसके घर के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।