रांची। कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसे देखते हुए शनिवार को चाईबासा जेल से 100 कैदियों को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में शिफ्ट किया गया। सभी कैदियों को कड़ी सुरक्षा के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए चाईबासा से रांची लाया गया।
लॉकडाउन और कोरोना संक्रमण की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के निर्देशानुसार तीन सदस्यीय समिति ने निर्देश दिया था कि जिन जिलों में क्षमता से अधिक बंदी हैं, उन्हें दूसरे बड़े जेलों में स्थानांतरित किया जाये। इस निर्देश को लेकर चाईबासा जेल से 100 बंदियों को रांची के होटवार जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे को कम करने के लिए जेल में पूरी तरह से सुरक्षा बरती जा रही है। जेल कर्मियों को ड्यूटी के दौरान ग्लव्स और मास्क पहनने का सख्त निर्देश दिया गया है। साथ ही बाहर से आने वाले हर बंदियों को 14 दिनों के लिए जेल परिसर में बने क्वारेंटाइन वार्ड में रखा जा रहा है। उसके बाद ही सामान्य कैदियों के वार्ड में भेजा जायेगा।
चाईबासा जेल में क्षमता से ज्यादा कैदी
चाईबासा जेल में क्षमता से अधिक कैदी बंद हैं। इस जेल की क्षमता 650 बंदी की है, लेकिन जेल में करीब 1000 बंदी रखे जा रहे थे, जिसमें से 100 बंदी स्थानांतरित कर दिये जाने के बाद करीब 900 बंदी अब जेल में हैं। एक-एक वार्ड में 50 से ज्यादा बंदियों को एक साथ रखा जाता है।
कोरोना को लेकर चाईबासा से 100 कैदी रांची जेल शिफ्ट
Previous Article‘ईस्टर’ के बजाए ‘गुड फ्राइडे’ की बधाई देने के लिए ट्रंप को ट्विटर किया जा रहा है ट्रोल
Next Article 28 विदेशियों पर मामला दर्ज, जायेंगे जेल : डीजीपी
Related Posts
Add A Comment