आजाद सिपाही संवाददाता रांची।
झारखंड सरकार के राज्यस्तरीय कोरोना नियंत्रण केंद्र में फोन की घंटी लगातार घनघना रही है। सहायता के लिए लोग लगातार संपर्क साध रहे हैं। समस्या सुनने के बाद नियंत्रण केंद्र की टीम रेस हो जाती है। संबंधित अधिकारियों से न सिर्फ संपर्क साधा जा रहा है, बल्कि इसके समाधान तक लगातार फॉलोअप किया जा रहा है। उदयपुरा के 34 मजदूरों तक पहुंचा राशन कोरोना नियंत्रण केंद्र में देवघर जिले के उदयपुरा से इबलुन हसन द्वारा संपर्क किया गया। उनके टोले में 34 लोग मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं। लॉकडाउन की वजह से उनके समक्ष खाने की समस्या उत्पन्न हो गयी है। इस समस्या के निराकरण के लिए कोरोना नियंत्रण केंद्र द्वारा देवघर जिले के पदाधिकारियों से संपर्क किया गया एवं उन तक राशन उपलब्ध कराया गया। जरूरतमंदों तक पहुंची राहत सामग्री रांची जिला के मिश्री मोहल्ला निवासी हाशिम एक दैनिक मजदूर हैं। वर्तमान स्थिति के कारण उनके परिवार में खाने की समस्या उत्पन्न हो गयी एवं उनके पास राशनकार्ड भी नहीं था, जिससे सरकार द्वारा प्राप्त खाद्यान्न भी उन्हें नहीं प्राप्त हो पा रहा था। सहायता के लिए उन्होंने कोरोना नियंत्रण केंद्र में संपर्क किया। इस पर नियंत्रण केंद्र द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी से संपर्क किया गया एवं हाशिम के परिवार को राशन उपलब्ध कराया गया। वहीं गिरिडीह जिले की मरियम खातून को भी कोरोना नियंत्रण केंद्र में संपर्क करने के पश्चात जिला आपूर्ति पदाधिकारी से संपर्क कर राशन उपलब्ध कराया गया।