-प्रदेश अध्यक्ष और तीन पूर्व मुख्यमंत्री सहित 41 को नोटिस
-भाजपा का सचिवालय घेराव का मामला
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची । प्रदेश भाजपा नेताओं की ओर से 11 अप्रैल को सचिवालय घेरो प्रदर्शन के मामले में स्थानीय धुर्वा थाना पुलिस ने शुक्रवार को तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश सहित 41 लोगों को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने 22 अप्रैल को थाना पर तलब किया है।
दरअसल, भाजपा के 11 अप्रैल को सचिवालय घेराव कार्यक्रम के दौरान धुर्वा गोल चक्कर रण क्षेत्र में तब्दील हो गया था। इस दौरान पानी की बातलें, पत्थरबाजी, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ गये थे। इस घटना को लेकर धुर्वा थाने में कार्यपालक दंडाधिकारी उपेद्र कुमार के बयान पर 41 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। नामजद लोगों में तीन पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास और सांसद दीपक प्रकाश, संजय सेठ का नाम शामिल है। इन लोगों पर उपद्रव करने, दंगा भड़काने, सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, अपराध के लिए उकसाने और दूसरे व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। इस नोटिस में दीपक प्रकाश से सचिवालय घेराव मामले में पूछताछ की जानी है। पुलिस ने दीपक प्रकाश को 22 अप्रैल को 11 बजे थाने पहुंचने को कहा है।
इन लोगों को बनाया गया है आरोपी:
धुर्वा थाने में दर्ज प्राथमिकी में नामजद भाजपा नेताओं में सांसद संजय सेठ, सुनील कुमार सिंह, समीर उरांव, निशिकांत दुबे, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक अमित मंडल, विधायक विरंची नारायण, श्यामनंदन ओझा, आरती कुजूर, अमित कुमार, प्रदीप मुखर्जी, विकास कुमार पांडेय, शत्रुघ्न सिंह, दिलीप कुमार सिंह, अनीता सोरेन, कुमकुम देवी, मुनचुन राय, कामेश्वर सिंह, उमेश यादव, अमित भैया उर्फ अमित कुमार, वीरेंद्र यादव, कमलेश राम, ललित ओझा, नीलम चौधरी, केके गुप्ता, साधु मांझी, कुलवंत सिंह बंटी, विमल मरांडी, अशोक कुमार, आनंद यादव, रमेश सिंह, त्रिलोचन कुमार पासवान, रमेश नाथ तिवारी, संजु पांडेय, संजीव कुमार सिंह, अमरनाथ कुमार सिंह, ब्रजकांत केसरी, दीपक बडाइक और गुंजन यादव के नाम शामिल हैं। अज्ञात हजार लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।