आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि युवाओं की आवाज दबाने की बजाय सरकार वादा निभाये। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार जितनी मशक्कत युवाओं की आवाज और वाजिब हक दबाने के लिए कर रही, उतनी मशक्कत सही नीति बनाने, नौकरी और रोजगार देने के लिए करती तो ये नौबत नहीं आती। सरकार वादे निभाने में नाकाम रही है। उसकी दोषपूर्ण नीति और नीयत के कारण युवा सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। महतो रांची स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता बोल रहे थे। इससे पहले उन्होंने विधानसभा प्रभारियों के साथ राज्य में राजनीतिक और सामाजिक हालात पर चर्चा के साथ पार्टी के कार्यक्रमों की सफलता की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नीयत नेक हो तो नीतियां सही बनती हैं। लेकिन राज्य सरकार की नीयत उजागर है। सवा तीन साल में ही सरकार ने हर वर्ग को निराश किया है। सबसे ज्यादा युवा वर्ग छला गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देर से ही सही, कांग्रेस ने जातीय जनगणना को लेकर आवाज उठायी है। झारखंड में सत्तारूढ़ कांग्रेस इस मांग के अनुरूप जातीय जनगणना कराने की सीधी और शीघ्र पहल करे। उन्होंने कहा कि बिहार सहित कई राज्यों में वहां की राज्य सरकारें जातीय जनगणना करा रही हैं, जबकि झारखंड में राज्य सरकार जातीय जनगणना कराये, इसके लिए हमने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है। अलग-अलग मंचों से हम और हमारी पार्टी लगातार यह मांग उठाती रही है।
30 अप्रैल को राज्यस्तरीय सामाजिक न्याय मार्च रांची में
सुदेश ने बताया कि विधानसभा प्रभारियों के साथ बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी 30 अप्रैल को रांची में आजसू पार्टी राज्यस्तरीय सामाजिक न्याय मार्च निकालेगी। पहले यह कार्यक्रम 23 अप्रैल को होना था। सामाजिक न्याय मार्च की तैयारियों को लेकर सभी विधानसभा प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं।
युवाओं की आवाज दबाने की बजाय वादा निभाये सरकार : सुदेश महतो
Related Posts
Add A Comment