आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने शहीद जीतराम बेदिया के बलिदान दिवस पर बरवादाग, जोन्हा में उनकी प्रतिमा अनावरण कर, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि क्रांतिकारियों की माटी झारखंड ने असंख्य वीर शहीदों को जन्म दिया। जिन्होंने इस माटी के मान, सम्मान और स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर दिया। लेकिन इतिहासकारों ने झारखंड के महानायकों को इतिहास के पन्नों में वह जगह नहीं दिया। जिसके वे असली हकदार थे। झारखंड की गौरवशाली इतिहास, वैभवशाली संस्कृति तथा गुमनाम क्रांतिकारियों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी पर है। युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से सीखने की जरुरत है।
झारखंड के महानायकों के विचारों को समझना होगा

सुदेश ने आगे कहा कि झारखंड के वीर सपूत शहीद जीतराम बेदिया ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन को जो बिगुल फूंका, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश ऋणी है उन क्रांतिवीरों का जिन्होंने देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। युवाओं को वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राज्य और देश निर्माण में योगदान देना चाहिए तथा इतिहास पुनर्लेखन लिए आगे आना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें झारखंड के महानायकों और उनके विचारों को समझना होगा, नीति-निर्णयों में शामिल करना होगा। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वीर शहीद जीतराम बेदिया जी की प्रतिमा का अनावरण किया सुदेश महतो ने आगे कहा कि देश की स्वतंत्रता, एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले झारखंड के वीर सपूतों की संघर्ष गाथा को जन-जन तक पहुंचाने हेतु हम संकल्पबद्ध हैं और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी है। इसी क्रम में आज वीर शहीद जीतराम बेदिया जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version