रांची। राजधानी समेत धनबाद में स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। झारखंड बिजली वितरण निगम का लक्ष्य है इस साल राजधानी रांची में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाये। इसे लेकर जेबीवीएनएल ने साल 2024-25 में सिर्फ स्मार्ट मीटर पर 98.86 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनायी है। राजधानी रांची में स्मार्ट मीटरिंग के लिए 61 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे।
वहीं धनबाद में स्मार्ट मीटरिंग के लिए 28 करोड़ खर्च किये जायेंगे। राजधानी रांची में 2022 के अंतिम दिनों से स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है, जबकि धनबाद में दो महीने पहले स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गयी है। झारखंड बिजली वितरण निगम की ओर से राजधानी रांची में एजेंसी जीनस सेक्योर की ओर से स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कार्य किया जा रहा है। राजधानी में अब तक एक लाख 75 हजार स्मार्ट मीटर लगाये गये हैं, जबकि धनबाद में 2500 स्मार्ट मीटर लगाये गये हैं। समय-समय में जेबीवीएनएल की ओर से रांची में लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर की समीक्षा की जाती है। जहां एजेंसी जीनस सेक्योर को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है। ऐसे में जेबीवीएनएल की ओर से स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कार्य इस साल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।