-राजनगर में मुख्यमंत्री ने गठबंधन नेताओं के साथ किया संवाद
आजाद सिपाही संवाददाता
राजनगर। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन इन दिनों सरायकेला प्रवास पर हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री बूथ स्तरीय कार्यकतार्ओं के अलावे आइएनडीआइए गठबंधन के नेताओं के साथ संवाद कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सोमवार को राजनगर प्रखंड के बूथ स्तरीय कार्यकतार्ओं के साथ बैठक की और उन्हें जीत के मंत्र दिये। चंपाई ने महागठबंधन की प्रत्याशी जोबा माझी को भारी मतों से जीत दिलाने का संकल्प पार्टी के नेताओं और कार्यकतार्ओं को दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा 400 पार का सपना देख रही है। इस बार भाजपा 150 भी पार नही कर पायेगी। झारखंड में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। झारखंड में 14 की 14 सीटों पर महागठबंधन की जीत होगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी सिंहभूम लोकसभा सीट से महागठबंधन की जीत हुई थी। इस बार भी इंडी गठबंधन की प्रत्याशी जोबा माझी को भारी मतों से जीत दिलाना है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जुमले की सरकार से जनता ऊब चुकी है। जनता को जुमला नहीं, भरोसा चाहिए। 10 साल से केंद्र सरकार ने देश की जनता को ठगा है। अब समय आ गया है जनता अपने एक एक दर्द का हिसाब लेगी।

चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में सबसे ज्यादा दिनों तक भाजपा ने राज किया है। मगर यहां की जनता मूलभूत बुनियादी सुविधाओं से आज भी वंचित है। हमारी सरकार ने आते ही यहां के जल- जंगल और जमीन की रक्षा का बीड़ा उठाया और गांव- गांव सरकार के जनकल्याण जानकारी योजनाओं को पहुंचाने का काम किया। उन योजनाओं से जनता में उत्साह है। इसका परिणाम आगामी लोकसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version