नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (मुख्य) 2024 (JEE Main 2024) के अप्रैल में आयोजित दूसरे सत्र (Session 2) के नतीजे घोषित कर दिए। एजेंसी द्वारा परिणाम (JEE Main 2024 Result) बुधवार, 24 अप्रैल को घोषित किए गए। इसके साथ ही NTA ने अप्रैल सत्र के लिए पंजीकृत 12 लाख से अधिक उम्मीदवारों में सम्मिलित हुए 10 लाख से अधिक कैंडिडेट्स के स्कोर और रैंक कार्ड डाउनलोड के लिए लिंक भी परीक्षा पोर्टल, jeemain.nta.ac.in पर एक्टिव कर दिया है।
महाराष्ट्र के नीलकृष्ण ने ऑल इंडिया टॉप किया है। वे दो साल से कोटा में तैयारी कर रहे थे। वहीं, महाराष्ट्र के दक्षेस संजय मिश्रा ने दूसरी और हरियाणा के आरव भट्ट ने तीसरी रैंक हासिल की है।
2 लड़कियों को मिला 100 परसेंटाइल
इस बार अब तक का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा 56 स्टूडेंट्स ने 100 परसेंटाइल हासिल किया। इनमें कर्नाटक की सानवी जैन और दिल्ली की शायना सिन्हा, दो लड़कियां भी शामिल हैं। पिछली बार 43 स्टूडेंट्स ने 100 परसेंटाइल हासिल किया था। तब सिर्फ एक छात्रा को 100 परसेंटाइल मिला था।
तेलंगाना के 15 स्टूडेंट्स को मिला 100 परसेंटाइल
राज्यवार 100 परसेंटाइल में सबसे अधिक तेलंगाना के 15, आंध्र प्रदेश व महाराष्ट्र के 7-7, दिल्ली से 6, राजस्थान से 5, कर्नाटक से 3, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा से 2-2, उत्तर प्रदेश व बिहार से 1-1 छात्र शामिल हैं।
इस बार 2.45 मार्क्स अधिक था कटऑफ
इस बार JEE मेन्स के अप्रैल सेशन के लिए सामान्य श्रेणी का कटऑफ परसेंटाइल 2023 की तुलना में 2.45 अंक ज्यादा रहा। हालांकि, सामान्य श्रेणी के लिए चुने गए छात्रों की संख्या पिछली बार से 1261 कम है। इस बार JEE एडवांस्ड के लिए क्वालिफाइंग परसेंटाइल पांच साल का सबसे ज्यादा रहा है।