जमशेदपुर के समाजसेवियों और युवा व्यवसायियों ने थामा आजसू पार्टी का दामन
रांची। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि पार्टी सभी वर्ग, समुदाय के विश्वास और साथ को अर्जित कर राज्य में आवश्यक राजनीतिक बदलाव की पटकथा लिखेगी। हमारे संगठन पर राज्यवासियों का विश्वास बढ़ा है। जनता का बढ़ता विश्वास हमारी बढ़ती जिम्मेदारी का प्रतीक है। हमारी तैयारी राज्य के वर्तमान के साथ भविष्य को भी बेहतर बनाने की है। वह कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे।
इस दौरान रवि शंकर मौर्या के नेतृत्व में जमशेदपुर से आये कई समाजसेवियों और युवा व्यवसायियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मौके पर उन्होंने पार्टी की नीति और सिद्धातों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि राज्य सरकार ने सवा चार साल के कार्यकाल में गलत नीति से समाज के हर वर्ग को निराश किया है। राज्य में अपराध का ग्राफ बढ़ा और विकास का ग्राफ गिरा है। सत्ता के नशे में चूर इस गठबंधन ने राज्य के बारे में नहीं सोचा। आने वाले लोकसभा चुनावों में जनता इन्हें अपने वोट की ताकत का एहसास दिलायेगी। इस अवसर पर सरोज सिंह, अरुण सिंह, प्रकाश विश्वकर्मा समते अन्य उपस्थित थे।