देवघर। संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। घटना देवीपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में घटी। जहां असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के कई हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पुलिस और प्रशासन से की।
फिर से बनायी जायेगी बाबा साहब की प्रतिमा: सुरेश पासवान
प्रतिमा खंडित होने पर आक्रोशित लोगों को समझाने के लिए देवघर से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक सुरेश पासवान भी लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को फिर से बनाया जायेगा और आसपास की जमीन को अधिग्रहण कर प्रतिमा को भव्य रूप दिया जायेगा।
बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की एक छोटी प्रतिमा बनायी गयी थी। जिसको बाद में भव्य रूप देने की बात कही गयी थी। लेकिन उससे पहले ही कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया। लोगों ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
घटना पर पहुंचे मंत्री हफीजुल हसन
घटना की जानकारी जैसे ही मंत्री हफीजुल हसन अंसारी को मिली तो वह खुद देवपुर के रामूडीह पंचायत के बरियारपुर गांव पहुंचे और लोगों से मिले। मंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात के साथ पूरी घटनी की जानकारी ली। प्रतिमा खंडित करने के मामले पर उन्होंने डीसी और एसपी को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश में कहा है कि जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है। उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जाये। ताकि आने वाले समय में कोई भी व्यक्ति इस तरह के महान व्यक्तित्व की प्रतिमा को नुकसान नहीं पहुंचा सके।