रांची। राज्य सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल किया है। इस बड़े प्रशासनिक निर्णय के तहत 46 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है और कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं। शुक्रवार को गृह विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद शनिवार को अधिकारियों का मूवमेंट आॅर्डर भी जारी कर दिया गया।
11 जिलों में नए एसपी की तैनाती
इस स्थानांतरण सूची की सबसे बड़ी विशेषता 11 जिलों के पुलिस अधीक्षकों का बदला जाना है। प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से सरकार ने पाकुड़, सरायकेला-खरसांवा, गढ़वा, देवघर, कोडरमा, पलामू, रामगढ़, बोकारो, चतरा, खूंटी और जामताड़ा जैसे जिलों में नए कप्तानों की नियुक्ति की है।
युवा अधिकारियों पर भरोसा
इस तबादला सूची में सरकार ने अनुभवी अधिकारियों के साथ-साथ युवा अधिकारियों के कौशल पर भी भरोसा जताया है। ट्रांसफर लिस्ट के विश्लेषण से पता चलता है कि, 2016 बैच के करीब 7 अधिकारियों को महत्वपूर्ण नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं 2021 बैच के 4 युवा अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग दी गई है, ताकि चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में उनके प्रशासनिक और रणनीतिक कौशल को परखा जा सके।
अधिसूचना जारी होने के तत्काल बाद शनिवार को अधिकारियों के मूवमेंट आॅर्डर जारी किए गए। इसके साथ ही अधिकांश अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए अपने नए पदों पर योगदान भी दे दिया है।
अपराध नियंत्रण पर विशेष फोकस
सरकार के इस कदम को विशेष रूप से उन जिलों के लिए अहम माना जा रहा है, जहां हाल के दिनों में अपराध नियंत्रण एक बड़ी चुनौती रहा है। माना जा रहा है कि नई नियुक्तियों से न केवल प्रशासनिक शिथिलता दूर होगी, बल्कि संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को एक नई ऊर्जा मिलेगी।
गौरव गोस्वामी रांची के नए ग्रामीण एसपी , धनबाद में एस मोहम्मद याकूब
2021 बैच के चार युवा आईपीएस अधिकारियों को पहली बार जिले में ग्रामीण और सिटी एसपी की कमान सौंपी गई है। सरकार ने इन अधिकारियों पर भरोसा जताते हुए फील्ड में नई ऊर्जा और आधुनिक पुलिसिंग की उम्मीद की है। जिन अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, उनमें एस मोहम्मद याकूब को एसपी ग्रामीण धनबाद, गौरव गोस्वामी को एसपी ग्रामीण रांची, शुभम कुमार खंडेलवाल को एसपी ग्रामीण जमशेदपुर और ललित मीणा को एसपी सिटी जमशेदपुर बनाया गया है। मालूम हो कि इन चार जिलों में अपराध का ग्राफ ऊपर है।

