रांची। झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने राज्य में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर सरकार की स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने घोषणा की है कि पंचायत चुनाव अगले वर्ष अपने निर्धारित समय पर ही संपन्न कराये जायेंगे और इसमें किसी भी तरह का विलंब नहीं होगा। मंत्री ने जोर देकर कहा कि विभाग इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। चुनावों में आरक्षण की स्थिति स्पष्ट करते हुए दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करते हुए ही कराये जायेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने इस मुद्दे को विधानसभा में मजबूती से रखा है और 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है, जिस पर सकारात्मक आश्वासन भी मिला है। इसके क्रियान्वयन के लिए उन्होंने ओबीसी आयोग और राज्य चुनाव आयोग को सभी संबंधित प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये हैं। मंत्री ने पंचायत चुनाव को लोकतंत्र की नींव मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि समय पर चुनाव कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया है कि चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां और प्रक्रियाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जायें, ताकि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी बाधा उत्पन्न न हो सके।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का बड़ा एलान: झारखंड में 27% ओबीसी आरक्षण के साथ समय पर होंगे पंचायत चुनाव
Related Posts
Add A Comment

