नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रिलायंस अनिल अंबानी समूह (RAAG) की कंपनियों के खिलाफ चल रही धनशोधन जांच में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ED ने मंगलवार को रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) बैंक धोखाधड़ी मामले में 3,034.90 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं।केंद्रीय जांच एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अस्थायी कुर्की आदेश जारी किया है। कुर्क की गई संपत्तियों में मुंबई का एक लग्जरी फ्लैट, महाराष्ट्र के हिल स्टेशन खंडाला में स्थित फार्महाउस, अहमदाबाद के सानंद इलाके में जमीन और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (R-Infra) के 7.71 करोड़ शेयर शामिल हैं।
ED के अनुसार, रिलायंस अनिल अंबानी समूह से जुड़े विभिन्न मामलों में अब तक कुल 19,344 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। एजेंसी इन कंपनियों पर बैंक धोखाधड़ी और फंड के दुरुपयोग के आरोपों की जांच कर रही है।रिलायंस कम्युनिकेशंस और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर की इन संपत्तियों को कुर्क करने के बाद समूह पर ED का शिकंजा और कसा गया है। यह कार्रवाई समूह की कंपनियों द्वारा कथित तौर पर बैंकों से लिए गए कर्ज के दुरुपयोग और धनशोधन से जुड़ी है।ED के इस कदम से अनिल अंबानी समूह की कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। समूह पहले से ही भारी कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है और पिछले कई वर्षों से उसके कई प्रोजेक्ट्स प्रभावित हो रहे हैं।

