बरवाडीह/रामगढ़ (पलामू) | पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हुटार बस स्टैंड के समीप सोमवार को दो अज्ञात अपराधियों ने सीएसपी संचालक दंपती से करीब 3 लाख रुपये की लूटपाट कर सनसनी फैला दी। इस दौरान अपराधियों ने महिला को दो गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार बरवाडीह निवासी सीएसपी संचालक शबनम प्रवीण (42 वर्ष) एवं उनके पति मो. इसराइल (52 वर्ष) हुटार बस स्टैंड के समीप थे। इसी दौरान दो अज्ञात अपराधी पहुंचे और उनके पास मौजूद करीब 3 लाख रुपये लूट लिए। लूटपाट के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने शबनम प्रवीण को दो गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।वहीं अपराधियों ने मो. इसराइल पर भी गोली चलाई, जो उनके सिर को छूते हुए निकल गई। घटना के दौरान अपराधियों से हुई झड़प में मो. इसराइल भी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।इधर घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है।


