– 21 साल बाद टूर्नामेंट में वापसी, 2 मई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मुकाबला
नई दिल्ली। भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम एएफसी महिला एशियाई कप चीन 2026 में भाग लेने के लिए सोमवार को सूझो पहुंच गई। गुरुग्राम में संक्षिप्त प्रशिक्षण शिविर के बाद टीम चीन के लिए रवाना हुई थी।
भारतीय टीम ने 21 वर्षों बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 2 मई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इसके बाद 5 मई को जापान और 8 मई को लेबनान से भिड़ेगी। ग्रुप ‘बी’ के सभी मैच सूझो ताइहू फुटबॉल खेल केंद्र में खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार प्रत्येक समूह की शीर्ष दो टीमें और तीनों समूहों में से दो सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। वहीं क्वार्टर फाइनल जीतने वाली चार टीमें फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप मोरक्को 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगी।
लगातार तैयारी से मजबूत टीम
इटली की मुख्य कोच पामेला कॉन्टी के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने तीन महीने से अधिक का लंबा प्रशिक्षण शिविर किया, जिसका अधिकांश हिस्सा बेंगलुरु में आयोजित हुआ।
अंडर-17 टीम होने के बावजूद भारत ने फरवरी में साफ अंडर-19 महिला चैंपियनशिप का खिताब जीता। मार्च में टीम ने यांगून में म्यांमार के खिलाफ दो मैत्री मैच भी जीते।
इस महीने की शुरुआत में टीम ने रूस के सोची में तीन मैत्री मैच खेले, हालांकि सभी मुकाबलों में हार मिली, लेकिन मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ।
भारतीय टीम
गोलकीपर: मुन्नी, सूरजमुनी कुमारी, ताम्फासना देवी कोंजेंगबाम। डिफेंडर: अभिस्ता बस्नेट, अलेना देवी सारंगथेम, अलीशा लिंगदोह, दिव्यानी लिंडा, एलिजाबेथ लकड़ा, जॉयशिनी चानू हुइद्रोम, रितु बड़ाइक, तानिया देवी टोनाम्बाम।
मिडफील्डर: अल्वा देवी सेनजाम, बोनिफिलिया शुल्लाई, जुलान नोंगमैथम, ओलिविया चानू निंगथौजाम, प्रीतिका बर्मन, रेडिमा देवी चिंगखमायुम, थंडामोनी बास्के
फॉरवर्ड: अनुष्का कुमारी, अन्विता रघुरामन, जोया, पर्ल फर्नांडीस, वलैना फर्नांडीस
कोचिंग स्टाफ
मुख्य कोच: पामेला कॉन्टी
सहायक कोच: विनचेंजो कॉन्टी, निवेथा रामदोस
गोलकीपिंग कोच: मारियो अगुइआर
फिटनेस कोच: अमित यादव
भारत का कार्यक्रम
2 मई, शाम 5 बजे: ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत।
5 मई, शाम 5 बजे: भारत बनाम जापान।
8 मई, दोपहर 1 बजे: भारत बनाम लेबनान।

