एजेंसी
जौनपुर/भदोही। पांचवें चरण का चुनाव खत्म होते ही चुनावी महासमर का पारा पूर्वांचल की तरफ चढ़ रहा है। रोड शो और जनसभाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को जौनपुर और भदोही में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की रैली को बसपा मुखिया मायावती और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव संबोधित करने पहूंचे। बसपा-सपा की संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि मोदी सरकार में पांच वर्ष से भ्रष्टाचार चरम पर है। इसमें रक्षा सौदे भी अछूते नहीं रहे। देश की सीमाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा के लोग तो अब शहीदों की शहादत को भुनाने में लगे हैं।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में रैली को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि सबका साथ सबका विकास सिर्फ जुमलेबाजी तक सिमट कर रह गया है। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार के आवारा जानवरों ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। मुस्लिम समाज का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ है। जिसका खुलासा सच्चर कमेटी में हो चुका है। मायावती ने कहा कि इन्हें सत्ता में आने नहीं देना है।
भाजपा 36 दलों की मिलावट पर खड़ी है
सपा मुखिया अखिलेश सिंह यादव ने कहा कि भाजपा के झूठ की जड़ों को हिलाने का काम महागठबंधन करेगा। मोदी और योगी पर हमला करते हुए अखिलेश ने चौकीदार के साथ कीदार को हटाने की जनता से अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा 36 दलों से ज्यादा दलों की मिलावट पर खड़ी है। लेकिन इस बार परिवर्तन की हवा चल रही।
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो वाराणसी में एक फौजी से डर गये वो आतंकवाद और नक्सलवाद से क्या लड़ेंगे। इस दौरान चौधरी अजित सिंह के बारे में अखिलेश यादव ने बताया कि हम तीनों पार्टियां मिल के देश में महा परिवर्तन लायेंगी। जौनपुर की जनसभा को समाप्त करते हुए अखिलेश यादव, मायावती और अजित सिंह भदोही के लिए रवाना हो गए।
भाजपा कांग्रेस के साथ मिल कर गठबंधन के खिलाफ कर रही साजिश
इसके बाद मायावती और अखिलेश भदोही पहुंचे। मायावती ने संबोधित करते हुए कहा कि जनता इस बार नमो-नमो करने वालों की छुट्टी करने वाली है। पीएम मोदी के बयान पर मायावती ने भदोही में कहा कि आज भाजपा की सरकार प्रदेश में है तो सरकार भदोही का नाम बदल कर संतकबीर नगर क्यों नहीं रख देती। माया ने कहा कि जो बाबा योगी आज आप लोगों के बीच आकर वोट मांग रहे हैं, वो चुनाव जीतने के बाद अपने मठ में वापस चले जाएंगे। भाजपा एंड कंपनी के लोग गठबंधन से बौखलाये हुए हंै। नाम लिये बिना कहा कि आजमगढ़ के कांग्रेस का एक प्रत्याशी भदोही में आ कर अखिलेश को समर्थन करने की बात कह रहा है। मुझे लगता है कि दाल में जरूर कुछ काला है। भाजपा ने अपने किसी कार्यकर्ता को कांग्रेस से चुनाव लड़ा कर गठबंधन के खिलाफ साजिश रची है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज करते हुए कहा कि इनके भाषण शौचालय से शुरू हो कर शौचालय पर ही खत्म होते हैं। 2014 में किये गये सभी वादे भूल गयी सत्ताधारी सरकार। भाजपा और कांग्रेस दोनों एक ही जैसे हैं। भाजपा के देश में शासन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।