नयी दिल्ली। भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे पर बड़ा बयान दिया है। फिल्म अभिनेता से नेता बने कमल हासन पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त हैं और देशभक्त रहेंगे। उन्हें आतंकवादी कहने वाले लोग अपने गिरेबान में झांकें। इस चुनाव में ऐसे लोगों को जवाब दे दिया जायेगा।
वहीं, भाजपा की ओर से उनके इस बयान से किनारा कर लिया गया है और साध्वी प्रज्ञा से माफी मांगने को कहा गया है। देर शाम साध्वी प्रज्ञा द्वारा मध्यप्रदेश भाजपा प्रमुख से माफी मांगने की खबर है। यह जानकारी मध्यप्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने दी। इस संबंध में साध्वी की ओर से कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है।
दरअसल, नाथूराम गोडसे का नाम इसलिए चर्चा में आया है, क्योंकि अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने कुछ दिन पहले कहा था कि भारत का पहला आतंकवादी नाथूराम गोडसे था। इसके बाद से ही इस पर विवाद शुरू हो गया और सियासी बयानबाजी ने जोर पकड़ा। 64 साल के राजनेता कमल हासन ने 13 मई को तमिलनाडु के अरवाकुरिची विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करते हुए कहा था, मैं ये इसलिए नहीं कह रहा कि यहां काफी संख्या में मुसलमान हैं। मैं ये महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने कह रहा हूं। आजाद भारत में पहला आतंकवादी एक हिंदू था। उसका नाम था नाथूराम गोडसे।
इसके जवाब में साध्वी प्रज्ञा ने गुरुवार को कहा कि गोडसे को आतंकवादी करार देनेवाले लोग पहले अपने गिरेबां में झांकें। गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त हैं और देशभक्त रहेंगे। साध्वी प्रज्ञा के इस बयान के तूल पकड़ते ही भाजपा ने इस बयान से खुद को अलग कर लिया। भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा ने कहा कि भाजपा साध्वी के बयान से सहमत नहीं है। उन्हें अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए।
वहीं कांग्रेस ने तुरंत प्रेस कांफ्रेंस करते हुए भाजपा और साध्वी प्रज्ञा को निशाने पर लिया। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इस मामले के बाद भाजपा का चेहरा फिर सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भोपाल से साध्वी प्रज्ञा को टिकट आखिर क्यों दिया। सुरजेवाला ने कहा, भारत की आत्मा गोडसे के उत्तराधिकारियों के निशाने पर है। भाजपा नेता राष्ट्रपिता के हत्यारे को देशभक्त बता रहे हैं। देश के लिए शहीद होने वाले हेमंत करकरे को राष्ट्रविरोधी बता रहे हैं। भोपाल से कांग्रेस उम्मीदवार व दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने भी साध्वी प्रज्ञा और भाजपा को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा, मोदी जी, अमित शाह जी और प्रदेश भाजपा को इस पर बयान देते हुए राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए।
Previous Articleमैं जान हथेली पर लेकर चलता हूं : मोदी
Next Article बोफोर्स घोटाले में जारी रहेगी जांच: सीबीआई