आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। हिंदपीढ़ी निवासी पूर्व पार्षद मोहम्मद असलम और उनके साथियों पर शनिवार की शाम सीआरपीएफ पर हमला करने का आरोप लगा। इस क्रम में उन्होंने दो जवानों को बुरी तरह पीटा। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन अन्य जवान मौके से जान बचा कर भाग निकले। घटना हिंदपीढ़ी के रेड जोन थर्ड स्ट्रीट की है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को पूर्व पार्षद मोहम्मद असलम, उनके भाई मुन्ना, अफरोज, आसिफ और मोनू की बकझक सीआरपीएफ के जवानों से हुई। जानकारी के अनुसार हिंदपीढ़ी में रहनेवाले लोगों के लिए सब्जी और राशन लेकर एक वाहन पहुंचा था। उसे अंदर ले जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ।

जवान वाहन को अंदर जाने की अनुमति नहीं दे रहे थे। इस पर युवकों ने बैरियर तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। जवानों ने उन्हें रोका और मामला शांत हो गया। उसके बाद पूर्व पार्षद अपने साथियों के साथ नमाज पढ़ने और रोजा खोलने चले गये। कुछ देर बाद 50-60 युवकों के साथ मोहम्मद असलम वहां पहुंचे और सीआरपीएफ जवानों पर टूट पड़े। इसमें दो जवान घायल हो गये। लोगों ने सुरक्षा बलों पर पथराव भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीआरपीएफ को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। जवानों को पीटनेवाले लोगों ने ही कुछ दिन पहले नगर निगम के ट्रैक्टर चालक को पीटा था।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानेदारों के अलावा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने फिलहाल मामले को शांत करा लिया है, हालांकि लोगों की नारेबाजी रूक-रूक जारी थी। रांची के डीसी राय महिमापत रे और रांची के एसएसपी अनीश गुप्ता समेत जिला प्रशासन के अधिकारी हिंदपीढ़ी में कैंप कर रहे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version