• जांच के लिए मृतक का ब्लड सैंपल भेजा गया रांची
    प्रमोद उपाध्याय
    हजारीबाग। संत कोलंबा कॉलेज के ग्राउंड में प्रवासी मजदूरों के लिए स्क्रीनिंग सह निबंधन केंद्र बनाया गया है। यहां अन्य राज्यों से पहुंच रहे लोगों का निबंधन किया जा रहा है। साथ ही उनके स्वास्थ्य की जांच भी की जा रही है। मंगलवार की सुबह संत कोलंबा ग्राउंड में गुरुग्राम से पहुंचे एक मजदूर की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि मृतक मजदूर इचाक के बरंवा गांव निवासी बैजनाथ राम, पिता नागेश्वर राम (26 वर्ष) जांच के लिए संत कोलंबा ग्राउंड में पहुंचा था। वह रात से ही जांच करवाने के लिए सीढ़ी पर बैठा था, जहां गिरने से उसकी मौत हो गयी। मौत के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गयी। लोगों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। जिसके बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम हाउस भेजकर उसका ब्लड सैंपल जांच के लिए रांची भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद मृतक का शव उनके परिजनों को सौंपा जायेगा। मौत की जांच के कारणों का पता लगाने के लिए पदाधिकारी ने टीम का गठन कर दिया है। टीम जानकारी जुटा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक हरियाणा के गुरुग्राम से ट्रेन के जरिये रांची पहुंचा था। इसके बाद वह किसी तरह इचाक मोड़ पहुंचा। इचाक अस्पताल में पहुंचकर वह अपनी जांच कराने की बात कह रहा था। इसी दौरान पेट दर्द की शिकायत के बाद लाइफ केयर अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां से उसे जांच करवाने के लिए संत कोलंबा ग्राउंड भेजा गया।

लॉकडाउन में फंसने के बाद पहुंचा था घर
वहीं सूत्रों का कहना है कि वह होली के बाद वह गुरुग्राम गया था। वहां लॉक डॉउन में फंसने के बाद वह वापस घर आ रहा था। इस संबंध में पूछे जाने पर सिविल सर्जन कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतक जांच करवाने के लिए संत कोलंबा मैदान पहुंचा था, जहां उसकी मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में एसडीओ मेघा भारद्वाज से पूछे जाने पर उन्होंने उपायुक्त से बात करने की बात कही।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version