आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। हरियाणा के गुरुग्राम से झारखंड के पाकुड़ के लिए परिवार के सदस्यों के साथ पैदल निकली सोनोति सोरेन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर साहेबगंज पहुंच गयी है। सोनोती को यूपी के मथुरा में एक वाहन ने धक्का मार दिया था। इससे वह घायल हो गयी थी। घायल अवस्था में ही वह किसी तरह इटावा पहुंंची फिर चंदौली पहुंची थी। उसकी मदद के लिए मुख्यमंत्री सोरेन ने साहेबगंज के उपायुक्त को निर्देश दिया था। इसके बाद एक टीम उसे लाने के लिए यूपी गयी थी। दंडाधिकारी अजित कुमार मिश्रा के नेतृत्व टीम गुरुवार सुबह सोनोती को लेकर यूपी के चंदौली से साहेबगंज पहुंची। यहां पालिटेक्निक में उसकी थर्मल स्क्रीनिंग की गयी। चिकित्सकों ने सोनोति सहित पूरे परिवार को होम क्वारेंटाइन में रहने को कहा है। उनके साथ आये सभी मजदूरों को सूखा राशन भी उपलब्ध कराया गया। बता दें कि इस मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर यूपी सरकार से भी सोनोति की मदद का आग्रह किया था।