कोडरमा। लॉकडाउन में विभिन्न राज्यों में फंसे श्रमिकों की वापसी को लेकर ट्रेनों की आवाजाही अब तेज हो रही है। गुरुवार सुबह आंध्र प्रदेश के नागुलपल्ली से श्रमिक स्पेशल ट्रेन कोडरमा जंक्शन पहुंची। इस ट्रेन पर कुल 1550 श्रमिक सवार थे, जिनमें कोडरमा के 384 प्रवासी शामिल हैं। तीन दिनों के भीतर कोडरमा पहुंचने वाली यह तीसरी ट्रेन है, जबकि आज रात दो और ट्रेनों के पहुंचने की खबर है। श्रमिक स्पेशल ट्रेन सुबह करीब 6 बजे यहां पहुंची। जिला प्रशासन की ओर से सभी को नाश्ता और पानी तथा सभी श्रमिकों की स्क्रीनिंग के बाद विभिन्न बसों से उनके गृह जिलों के लिए रवाना किया गया। कई श्रमिक अपने परिवार व बच्चों के साथ थे।
श्रमिकों को उनके गृह जिला भेजने के लिए 66 बसों का इंतजाम किया गया था। स्पेशल ट्रेन में गोड्डा के 1028, कोडरमा के 384, देवघर के 07, दुमका के 65, गिरीडीह के 20, जामताड़ा के 35, साहिबगंज के 6, धनबाद के 5 श्रमिक शामिल हैं। अपने प्रदेश वापस आने की उनके चेहरे पर खुशी भी दिखी। इधर आज रात महाराष्ट्र से दो और ट्रेनें आयेंगी। रात करीब 8:30 बजे नवी मुंबई से एक अन्य श्रमिक स्पेशल ट्रेन कोडरमा पहुंचेगी, इसको लेकर भी स्टेशन पर इंतजाम किये गये हैं। इस ट्रेन से भी करीब 1200 श्रमिक पहुंचेंगे। इसके बाद इन्हें विभिन्न बसों से उनके गृह जिलों में भेजा जायेगा। वहीं, एक अन्य ट्रेन रात 1 बजे के बाद महाराष्ट्र के रत्नागिरी से पहुंचेगी।