: ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoM) की 27वीं बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि देश के 16 राज्यों में कोरोना पॉजिटिविटी रेट बहुत ज़्यादा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज सुबह तक 18 राज्यों में म्यूकर माइकोसिस (ब्लैक फंगस) के करीब 5,424 मामले सामने आए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 4,454 दुर्भाग्यपूर्ण मौतें हुईं। इनमें सबसे ज़्यादा 1,320 मौतें महाराष्ट्र में हुईं, जबकि कर्नाटक में 624, तमिलनाडु में 422 और उत्तर प्रदेश में 231 मौतें हुईं हैं।
उन्होंने कहा, ”देश के 16 राज्यों में पॉजिटिविटी रेट बहुत ज़्यादा है। ये राज्य कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर, पुडुचेरी, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, सिक्किम और लक्षद्वीप हैं।
डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा, ”आज सुबह तक 18 राज्यों में म्यूकर माइकोसिस (ब्लैक फंगस) के 5,424 मामले दर्ज किए गए हैं। गुजरात में 2,165, महाराष्ट्र में 1,188, उत्तर प्रदेश में 663, मध्य प्रदेश में 519, हरियाणा में 339, आंध्र प्रदेश में 248 मामले दर्ज किए गए हैं।”
उन्होंने कहा, ” ब्लैक फंगस के 5,424 मामलों में से 4,556 मामलों में पहले कोविड संक्रमण था और 55% मरीज़ों को डायबिटीज थी।”