देश में इन दिनों कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप जारी है। वहीं इन सब के बीच देश में अस्पतालों में बेड्स, ऑक्सीजन और दवाओं की किल्लत की ख़बरें लगातार आ रही हैं। ऑक्सीजन की कमी से कई लोगों की मौत की ख़बरें भी बनी हुई हैं। ऐसे में मनोरजन जगत की तमाम हस्तियां जरुरतमंद लोगों की मदद के लिए बढ़-चढ़ कर अपना योगदान दे रही हैं। इन सब के बीच अभिनेता ऋतिक रोशन ने भारत की मदद के लिए शुरू किये गये एक फंड रेज़िंग केम्पन में आर्थिक सहयोग किया है। ख़ास बात यह है कि इस फंड रेज़िंग केम्पेन के ज़रिए कई विदेशी सेलेब्रिटीज़ भी भारत की आर्थिक मदद के लिए आगे आये हैं। इसकी जानकारी लेखक जय शेट्टी ने सोशल मीडिया के जरिये फैंस को दी है। जय शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। उनकी इस पोस्ट के अनुसार, गिव इंडिया के ज़रिए दुनियाभर की कई हस्तियों ने इस संकट की घड़ी में भारत को आर्थिक योगदान दिया है। जय ने इन सभी का शुक्रिया अदा किया है।
जय की इस पोस्ट के अनुसार हॉलीवुड सुपरस्टार विल स्मिथ ने 50,000 डॉलर डोनेट किये हैं। शॉन मेंडिस ने भी इतनी ही रकम दी है। द एलन शो ने 59000 डॉलर ,ब्रेंडन बरचर्ड और रोहन ओझा ने 50,000 डॉलर दान किये हैं, जबकि  जैमी केरन लीमा ने एक लाख डॉलर दिये हैं। कैमिला केबेलो ने 6000 डॉलर जुटाये, वहीं ऋतिक रोशन ने 15,000 डॉलर डोनेट किये हैं। जय ने इन सभी को ख़ुद डोनेट करने के लिए शुक्रिया कहा है। इस फंड रेज़िंग केम्पेन के ज़रिए अब तक 3,688,981 डॉलर यानी लगभग 27 करोड़ 35 लाख रुपये जमा हो चुके हैं। इस पर ऋतिक रोशन ने जय को बधाई भी दी।
गौरतलब है कि सोनू सूद, भूमि पेडनेकर, तापसी पन्नू, मनोज बाजपेयी, पंकज त्रिपाठी, विनीत कुमार सिंह, प्रियंका चोपड़ा ,गुरमीत सिंह आदि जैसी हस्तियां लोगों की सेवा में सक्रिय रूप से लगी हुईं हैं।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version