आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह (मिनी लॉकडाउन) की अवधि एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गयी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की मंगलवार को हुई बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सचिवालय अब 33 फीसदी कर्मचारियों के साथ दोपहर दो बजे तक खुले रहेंगे। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों को खोला जायेगा। संयुक्त सचिव स्तर से ऊपर के सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से दफ्तर आयेंगे। किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक लाने के लिए इ-पास की जरूरत नहीं रहेगी। बाजार दोपहर दो बजे तक ही खुलेंगे।
बैठक में चक्रवाती तूफान ‘यास’ के झारखंड में पड़ने वाले संभावित असर और उससे निपटने को तैयारियों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। नये नियमों के अनुसार, इ-पास की अनिवार्यता जारी रहेगी, लेकिन सरकारी कर्मियों, मीडियाकर्मियों तथा बड़ी कंपनियों अथवा फैक्ट्रियों में काम करने वालों का ड्यूटी पास मान्य होगा. इन्हें इ-पास की अनिवार्यता से छूट दी गयी है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त-सह -अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, सचिव विनय कुमार चौबे, अमिताभ कौशल और अबू बकर सिद्दीकी मौजूद थे।