रांची। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू को पार्टी ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। आदित्य साहू भाजपा में पिछले दो दशक से अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
आदित्य साहू रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र के कुचू के रहने वाले हैं। वह ओबीसी वर्ग से आते हैं। उनका जन्म 7 अक्टूबर 1963 को हुआ है। उनके पिता का नाम स्व चतुर साहू है। आदित्य साहू ने एम कॉम किया है। साहू 1980 से बूथ कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे। 1984 में बूथ कुचू अध्यक्ष बने। 1989 में मंडल कार्यसमिति ओरमांझी के सदस्य बने। 1991 में ओरमांझी मंडल के महामंत्री बने। 1995 में रांची जिला कार्यसमिति सदस्य बने। 1998 में रांची जिला सदस्यता प्रभारी और 1999 में रांची जिला उपाध्यक्ष बने। इसके बाद 2003 से 2010 तक लगातार दो बार रांची जिला अध्यक्ष रहे। 2010 से 2014 तक प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रहे। 2015 से 2019 तक प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। इसके बाद 2019 से अब तक प्रदेश महामंत्री के पद पर हैं। इसके अलावा वह 1980 से अब तक लगातार संघ परिवार के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इसके अलावा 1989 से 2009 तक राम टहल चौधरी (आरटीसी) महाविद्यालय में व्याख्याता के रूप में कार्यरत रहे। 2009 से 2019 तक आरटीसी महाविद्यालय में उप प्राचार्य के रूप में कार्यरत रहे। बताते चलें कि आदित्य साहू जबसे भाजपा में आये हैं, तब से वह सक्रियता के साथ पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। इसके अलावा वह पार्टी के कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं।