रांची। गुमला जिला कार्यालय का शिलान्यास मंगलवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन शास्त्र में कार्यालय, कार्यकर्ता, कोष का सबसे बड़ा महत्व है। यह कार्यालय सभी कार्यकर्ताओं के लिए अमूल्य संपत्ति के रूप में समर्पित है, जो ईश्वर का स्थल है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यालय आधुनिक टेक्नोलॉजी से सुसज्जित होगा और राष्ट्र सेवा का केंद्र बिंदु बनेगा। उन्होंने कहा कि जनसंघ काल से लेकर संयुक्त बिहार में अगर कहीं भाजपा का जनाधार था तो वह गुमला जिला ही है। स्वर्गीय रोपना उरांव को पूरा बिहार जानता था। आज के कार्यक्रम के माध्यम से मैं सभी दिवंगत- समर्पित जनों को नमन करता हूं, श्रद्धांजलि देता हूं। साथ ही कहा कि हम सभी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सहारे गुमला के पवित्र भूमि से लोकसभा तो जीतेंगे ही विधानसभा सूद समेत जीतेंगे।
पार्टी के कार्यों को विस्तार देगा कार्यालय: कर्मवीर
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि कार्य के विस्तार के लिए यह कार्यालय है जो राष्ट्र धर्म के गतिविधि का केंद्र रहेगा, कार्यालय से बूथ तक का काम बढ़ना चाहिए। कार्यालय पार्टी के कार्यों को विस्तार देगा व कार्यकर्ताओं में नई स्फूर्ति देगा। संगठन के लिए कार्यालय मील का पत्थर साबित होगा, राष्ट्र सेवा के कार्यों को विस्तार दिया जाएगा।
जनजातीय क्षेत्र में कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा: सुदर्शन भगत
सांसद सुदर्शन भगत ने कहा आज ऐतिहासिक दिन है। भाजपा कार्यकर्ताओं की आवश्यकता पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि 1980 जनसंघ काल से लेकर वर्तमान में गुमला जिला का अपना कार्यालय नहीं था, जहां अस्थाई कार्यालय में जिला संगठन का कार्य निष्पादित होता था। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने दम पर कई विधायक व सांसद भाजपा की झोली में दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय जनजातीय क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा से प्रभावित होकर कांग्रेस नेता रामेश्वरी उरांव, युवा नेता राजेश खड़िया, रविंद्र साहू समेत 30 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा का पट्टा देकर सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने जिले के सभी मंडलों के अध्यक्ष महामंत्री की बैठक कर संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मिसिर कुजूर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष यशवंत सिंह ने किया।