लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर रविवार को आगामी “महा जनसंपर्क अभियान” के निमित्त सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक आयोजित की गयी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने महा जनसंपर्क अभियान की तैयारियों के संबंध में चर्चा की। प्रदेश संगठन मंत्री ने इस अभियान में सभी मोर्चा व प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं को लगने का आह्वान किया।
धर्मपाल ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हमें घर-घर और जन-जन तक संपर्क करना है। हमें केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को आम जनता को बताना है। हमारी सरकार ने गरीब कल्याण के बहुत से कार्य किये हैं, उन कार्यों को जनता को बताना है। प्रदेश संगठन मंत्री ने सभी मोर्चा अध्यक्षों से कहा कि इस अभियान में सभी कार्यकर्ता लगें ऐसे योजना बनाकर क्रियान्वित करें।
इस बैठक में प्रदेश महामंत्री संजय राय और गोविन्द नारायण शुक्ल के अलावा सभी मोर्चा व प्रकोष्ठों के अध्यक्ष शामिल रहे।