रांची। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित प्रदेश के कई कांग्रेस नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार सहित उनकी कैबिनेट को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर बहुत खुशी हुई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल के नेता और मंत्री आलमगीर आलम, महागामा से कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह भी शामिल हुईं। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिव कुमार एवं सभी मंत्रियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने के बाद पूरे देश में एक अच्छा संदेश गया है।
नेताओं ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को जनता का समर्थन मिल रहा था, उससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि अब भाजपा की सरकार आखिरी सांस ले रही है। अब समय आ गया है कि सभी विपक्षी पार्टियां साथ मिलकर मजबूती के साथ केंद्र सरकार एवं बीजेपी शासित राज्य की सरकारों के द्वारा किए गए भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंदी के साथ उठाए। देश की जनता भाजपा की सरकार से परेशान है। जनता परिवर्तन चाहती है ।
विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने भी सिद्धारमैया एवं डीके शिवकुमार और मंत्री मंडल के सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद केंद्र में भाजपा की सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। अब देश की जनता भाजपा के नेताओं के झांसे में आने वाली नहीं है। जब से भाजपा की केंद्र में सरकार बनी है, भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं।
महागामा विधायक ने कहा कि इस ऐतिहासिक पल के लिए समस्त कर्नाटकवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज कर्नाटक में जन-जन की सरकार ने शपथ ली है, जिसका सिर्फ राज्य की जनता के सर्वांगीण विकास से सरोकार है।