-पुलिस मुख्यालय ने की संचिका अस्त करने की अनुशंसा
-संदर्भ: जमशेदपुर में पेड़ कटवाने का मामला
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड कैडर के आइपीएस अधिकारी अंशुमन कुमार को पेड़ कटवाने के मामले में क्लीन चिट मिल गयी है। अभी अंशुमन कुमार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। झारखंड में कई जगहों पर महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। जैप 6 के कमांडेंट के पद पर भी रहे हैं। वहां से तबादला के बाद एक गुमनाम पत्र के आधार पर उनके खिलाफ लगाये गये आरोपों की जांच के आदेश दिये गये हैं। जैप 6 में सहायक कमांडेंट के पद पर एक डीएसपी पदस्थापित हैं। उन्होंने इसकी जांच की। माह भर पहले जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजी गयी। इस रिपोर्ट में कमांडेंट पर कीमती पेड़ कटवाने के आरोप की पुष्टि की गयी है। यह रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजी गयी है। पुलिस मुख्यालय ने कमांडेंट को जांच का आदेश दिया। कमांडेंट ने डीएसपी की रिपोर्ट को उलट दिया है साथ ही लिखा कि अवैध पेड़ कटाई के मामले में अंशुमन कुमार की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। कमांडेंट ने तीन पेज की रिपोर्ट में कई सवाल भी खड़े किये हैं जो डीएसपी के खिलाफ जाते हैं।
संचिका अस्त करने की अनुशंसा
पुलिस मुख्यालय ने कमांडेंट की रिपोर्ट के आधार पर आइपीएस अधिकारी के खिलाफ जांच की संचिका को अस्त करने की अनुशंसा की गयी है। मुख्यालय ने दोनों जांच की रिपोर्ट को फाइल में लगाकर गृह विभाग को भेज दिया है। गृह विभाग रिपोर्ट की समीक्षा कर रहा है।