रांची। कांग्रेस-झामुमो के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार से मिल कर गोड्डा प्रत्याशी सह सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। साथ ही आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे पर चुनाव को नकारात्मक रूप से प्रभावित करने और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की गयी।
प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में कहा कि 23 मई को गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे ने विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और विधायक सह मंत्री हफीजुल हसन को इडी का समन दिये जाने संबंधी बयान दिया था। कुछ न्यूज चैनलों में भी बादल पत्रलेख और हफीजुल हसन को इडी का समन जारी किये जाने की खबरें प्रसारित की गयीं, लेकिन इस मामले में इडी के अधिकारियों ने न ही आधिकारिक रूप से पुष्टि की और न ही इसका खंडन किया, जबकि इडी का कोई समन बादल पत्रलेख और हफीजुल हसन को नहीं दिया गया है।
मंत्री बादल पत्रलेख एवं हफीजुल हसन की आम जनता के बीच अच्छी लोकप्रियता है। इसलिए भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे के जरिये एक सोची-समझी साजिश के तहत चुनाव को नकारात्मक रूप से प्रभावित करने की नीयत से भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए गलत खबर प्रमुखता से प्रसारित की गयी। साथ ही गोड्डा लोकसभा क्षेत्र की जनता के बीच इंडी गठबंधन के घटक दल कांग्रेस और झामुमो के प्रति नकारात्मक छवि बनाने के लिए साजिश रची गयी। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव अमूल्य नीरज खलखो, प्रदेश महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता कमल ठाकुर शामिल थे।