रांची। कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने संसदीय क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने पदयात्रा, जनसंपर्क और बैठक के दौरान कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है। चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार आने पर हर गरीब परिवार की एक महिला को हर महीने 8500 रुपये, मतलब साल में एक लाख रुपये दिये जायेंगे, ताकि महिला अपने परिवार का सही तरीके से भरण पोषण कर सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब महिलाओं को भी पुरुषों की बराबरी में लाने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस की सरकार आयी, तो केंद्र की नयी सरकारी नियुक्तियों में 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं का होगा। आने वाले दिनों में हर सरकारी कार्यालय में आधे कर्मचारियों की संख्या महिलाओं की होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आशा दीदी, मिड डे मील और आंगनबाड़ी कर्मियों के वेतन में भी वृद्धि करेगी। इन योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक लाभ मिलेगा जिससे वह आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनेगी। यशस्विनी सहाय ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से मुक्ति पाने के लिए इस बार इंडी गठबंधन और रांची से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें, ताकि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आने वाले समय में सरकार के द्वारा गरीबों और आम लोगों के विकास का कार्य किया जा सके।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस आम जनता के हित के बारे में सोचती है। कांग्रेस ने पहले ही घोषणा कर दी है कि सरकार बनने पर विभिन्न वर्गों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरूआत की जायेगी। कांग्रेस नेता अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि देश की जनता मोदी सरकार के जुमले से ऊब चुकी है। अब जनता परिवर्तन चाहती है। जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष सुंदरी तिर्की ने कहा कि अब देश की जनता मोदी सरकार के झांसा में आने वाली नहीं है। मोदी सरकार का जाना तय है।