रांची। श्री सर्वेश्वरी समूह की रांची शाखा ने शहर के विभिन्न स्थानों पर ताड़ के पत्ते से बने 250 हाथ पंखों का वितरण किया। कार्यक्रम की शुरूआत धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर से की गयी। समूह के सदस्यों ने मंदिर के बाहर बैठे असहाय और जरुरतमंदों को हाथ पंखे दिये। इसके बाद हटिया रेलवे स्टेशन के बाहर और धुर्वा बाजार के पास जरुरतमंद लोगों को भी हाथ पंखे दिये गये।
इसके बाद किशोरगंज चौक, सेवा सदन, मारवाड़ी महिला महाविद्यालय सहित कई जगहों पर भी सब्जी-फल विक्रेता, रिक्शा चालकों सहित अन्य के बीच हाथ पंखों का वितरण किया गया। बता दें कि श्री सर्वेश्वरी समूह के 19 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत इस कार्यक्रम को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हेमंत नाथ शाहदेव, समरेंद्र सिंह, उदय नारायण पांडेय, कीर्तिमान नाथ शाहदेव, बद्रीनाथ शाहदेव, नागदमनी नाथ शाहदेव, यदुनाथ शाहदेव समेत अन्य उपस्थित थे।