प्रेमिका के साथ हुए दुष्कर्म का बदला लेने के लिए हुआ था डबल मर्डर
धुर्वा में हुए डबल मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा
रांची। राजधानी रांची के धुर्वा में हुए डबल मर्डर केस का रांची पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। एक लड़की के साथ हुए दुष्कर्म का बदला लेने के लिए इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि इस केस में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है।
एक गिरफ्तार, पांच फरार
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का रांची पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में जानकारी मिली है कि एक युवती सहित पांच आरोपियों ने हत्या की साजिश रची थी।
गिरफ्तार युवक ने बताया कि युवती के साथ खुदिया मुंडा (17 वर्ष) ने दुष्कर्म किया था। ये बात युवती ने अपने प्रेमी को बतायी थी, जिसके बाद बदला लेने की नीयत से प्रेमी ने एक खौफनाक साजिश रच कर खुदिया मुंडा की हत्या कर दी। वहीं खुदिया के कारण उसका चचेरा भाई लुका मुंडा (16 वर्ष) भी मारा गया। पकड़े गये आरोपी ने बताया है कि खुदिया मुंडा की हत्या करते हुए उसके भाई ने देख लिया जिसके कारण उसकी भी हत्या कर दी गयी।
साजिश के तहत बुलाया
अब तक जो जानकारी हासिल हुई है उसके अनुसार युवती के द्वारा ही खुदिया मुंडा को साजिश के तहत फोन कर रांची बुलाया गया और फिर रांची में युवती के प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी। इसी दौरान खुदिया के चचेरे भाई लुका मुंडा ने अपने भाई की हत्या करते हुए देख लिया। इसी वजह से उसे भी मार डाला।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि खूंटी के भंडारा पंचायत के चामडीह निवासी खुदिया मुंडा और लुका मुंडा अपने चाचा के श्रद्धा कर्म का न्योता देने के लिए घर से 4 मई (शनिवार) को स्कूटी लेकर निकले थे। लेकिन रविवार की रात दोनों लड़कों का शव गरसूल तालाब के पास धुर्वा पुलिस ने बरामद किया था। दोनों की गर्दन में धारदार हथियार से मारकर हत्या की गयी थी। लड़कों के पॉकेट से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया। घटना को लेकर धुर्वा थाना में अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज करवायी गयी थी।