रांची। राजधानी रांची के कोकर इलाके से एक 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडेय के लापता होने से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया है। बच्ची 9 मई की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी और अचानक गायब हो गई। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास और गली-मोहल्ले में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। इस घटना के बाद बच्ची के पिता मनीष पांडेय ने सदर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को अदिति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी तलाश में जुट गए हैं। परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्ची के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तुरंत दिए गए नंबर 6205250103 पर संपर्क किया जाए। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके में सघन तलाश अभियान चलाने के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं। अदिति की मासूमियत और उसकी गुमशुदगी की यह खबर पूरे शहर के दिलों को हिलाकर रख दी है।

