पलामू। पलामू जिले के हैदरनगर बस स्टैंड के समीप सोमवार तड़के सुबह आग लगने से तीन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने की सूचना गश्त कर रही हैदरनगर थाना पुलिस ने फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार आग अहले सुबह करीब 3:12 बजे लगी। प्रारंभिक आशंका में बिजली पोल में हुए शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। आग की चपेट में आकर शमशीर टायर दुकान, छोटू बाइक गैरेज तथा सलाम ऑटो गैरेज पूरी तरह जल गए।
घटना में तीन ऑटो, तीन बाइक एवं करीब तीन लाख रुपये मूल्य के टायर जलकर नष्ट हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर भी ब्लास्ट कर गया। सिलेंडर विस्फोट के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस एवं दमकल कर्मियों ने संयुक्त प्रयास से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका। मौके पर मौजूद एसआई आजम अंसारी ने बताया कि आग लगने की घटना सोमवार सुबह करीब 3:12 बजे की है। उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है तथा मामले की जांच की जा रही है।

