ओरमांझी: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास हमेशा पर्यावरण अनुकूल होना चाहिए। पर्यावरण और लोगों के बीच सीधा संबंध होना चाहिए। झारखंड के लोगों का प्रकृति के प्रति विशेष प्रेम रहा है। भारतीय संस्कृति में भी इनका विशेष स्थान रहा है। पर्यावरण संरक्षण में भी भारत दुनिया को राह दिखाता रहा है। रांची मछली घर के खुलने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बच्चों को भी काफी जानकारियां मिलेंगी। और उनका दृष्टिबोध व्यापक होगा। मुख्यमंत्री बुधवार को ओरमांझी में भारत के सबसे बड़े फ्रेश वाटर इक्वेरियम रांची मछली घर का उद्घाटन तथा इको पार्क का शिलान्यास कर रहे थे।

झारखंड के पर्यटन में एक नया अध्याय जुड़ा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज झारखंड के पर्यटन में नया अध्याय जुड़ा है। आज के बाद झारखंड को देश के सबसे बड़े मछली पार्क के लिये जाना जायेगा। यहां देश-विदेश की विभिन्न प्रजातियों की मछलियां रखी गयी हैं। शहर की भीड़ भाड़ और तनावपूर्ण जीवन से दूर लोग यहां अपने परिवार के साथ आकर सुकून का समय बिता सकेंगे।

सरकार पर्यटन को दे रही है बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई काम कर रही है। इसी कड़ी में इको पार्क का शिलान्यास किया गया है। यहां रोज गार्डन, चिल्ड्रेन जोन, भूल भलैया, झरना, फव्वारा आदि रहेंगे। पास ही तितली पार्क भी बनाया जा रहा है। यहां विभिन्न प्रजातियों की रंग-बिरंगी तितलियां रहेंगी। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चिंता कम करने में वनों की अहम भूमिका है। इको पार्क पारिस्थितिकीय संतुलन का अद्भुत उदाहरण बनेगा। इको पार्क वन्य जीवन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा।

रोजगार भी मिलेगा
सीएम ने कहा कि देश का सबसे बड़ा मछलीघर राज्य के लोगों को प्रकृति से जोड़ेगा। भागमभाग वाली जिंदगी के बाद यहां कुछ पल गुजारना स्वार्गिक आनंद देगा। बच्चों के ज्ञान में इजाफा होगा। वहीं इलाके के लोगों को रोजगार भी देगा।

कार्यक्रम में ये हुए शामिल
कार्यक्रम में रांची के सासंद रामटहल चौधरी, खिजरी विधायक रामकुमार पाहन, भाजपा नेता प्रो आदित्य साहू, वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव इंदु शेखर चतुवेर्दी, प्रधान मुख्यवन संरक्षक, प्रभारी प्रमुख जयगोविंद साहू, अमरनाथ चौधरी, मानकी राजेंद्र साही, बीना देवी, रणधीर चौधरी, एके पांडे, पीके वर्मा, दिनेश कुमार, उद्यान निदेशक अशोक कुमार, डॉ अजय कुमार, जेपी भगत, और अरूण कुमार, सत्यम राज कुशवाहा, आफताब आलम, राजेश गुप्ता, अनिल महतो सहित अन्य उपस्थित थे।

120 प्रजाति की 1500 मछलियों का होगा दीदार
रांची के बिरसा मुंडा जू कैंपस में में बने देश का सबसे बड़े फ्रेश वाटर मछलीघर 3.64 करोड़ की लागत से बना है। इस मछलीघर में मलेशिया, बैंकाक, सिंगापुर सहित कई देशों की मछलियां दीदार को मिलेंगी। इसमें 120 प्रजाति की 1500 मछलियां रखी गयी हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version