आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। बहरगोड़ा निवासी शहीद गणेश हांसदा का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम को रांची एयरपोर्ट पर पहुंचा। यहां श्रद्धांजलि देने गवर्नर द्रौपदी मुर्मू, सीएम हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, मंत्री बादल, पूर्व सीएम रघुवर दास, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, सुदेश महतो, विधायक अंबा प्रसाद सरीखे नेता पहुंचे। रांची ने शहीद को नमन किया। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में आम लोग तिरंगा लेकर मौजूद थे। शाम होने की वजह से शहीद का शव पैतृक गांव नहीं जा सका। उसे नामकुम छावनी में रखा गया है। शुक्रवार को सेना के वाहन से शहीद का शव बहरागोड़ा स्थित गांव के लिए रवाना किया जायेगा। वहां उनकी अंत्येष्टि होगी। उधर एक और शहीद कुंदन कुमार ओझा का पार्थिव शरीर शुक्रवार को साहिबगंज पहुंचेगा, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जायेगी और फिर उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि देश की सीमा की रक्षा करते झारखंड के दो लाल शहीद हुए हैं। गर्व के साथ साथ मन में गम भी है। दुख के इस समय में राज्य सरकार शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है। आमतौर पर उनके आश्रितों को मिलने वाली सुविधाएं तो मिलेंगी ही, बावजूद इसके राज्य सरकार अब सीमा पर शहीद होने वालों के परिजनों को राज्य में उनकी पसंद का भूखंड देगी एवं पेट्रोलियम मंत्रालय से पेट्रोल पंप आवंटित करने का आग्रह करेगी, ताकि शहीद के परिजन पूरे सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा गणेश हांसदा की शहादत सदैव राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित करेगी।