पुलिस ने 10 चक्र फायरिंग कर बचाई जान
गिरिडीह: पीरटांड़ थाना अंतर्गत अति नक्सल प्रभावित पिपरा टांड़ गांव में शनिवार की अहले सुबह करीब छह बजे पांच सौ से अधिक तीर-धनुष एवं धारदार से हथियारों से लैस आदिवासियों ने सुरेश मरांडी नामक नक्सली का सेंदरा कर दिया। साथ ही उसके सात पुरुष रिश्तेदारों को उनके घरों में बंद कर आग लगा दी। परिवार की महिलाओं की भी पिटाई की। सूचना पाकर पीरटांड़ थाना प्रभारी अशोक प्रसाद सैक जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दस चक्र गोली चलाकर उग्र लोगों को खदेड़ा। इसके बाद सात लोगों को जिंदा जलाने से बचाया जा सका।
पिपरा टांड में सात दिन दिन पूर्व एक आदिवासी युवक की हत्या कर दी गई थी। इसी का बदला लेने के लिए शनिवार की सुबह नक्सली सुरेश मरांडी और उसके परिवार के लोगों को आदिवासियों ने घेर लिया। भीड़ इतनी उग्र थी कि पुलिस जब सात लोगों को बचाकर वज्रवाहन में बिठाने की कोशिश की तो विरोध का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पुलिस से सातों को छुड़ाने की कोशिश की। पुलिस ने काफी संयम से काम लिया। इस दौरान बारिश के बीच डीसी राहुल कुमार सिन्हा एवं एसपी सुरेंद्र कुमार झा बाइक से घटनास्थल पहुंच गए। जिला मुख्यालय से बड़ी संख्या में पुलिस बल को घटनास्थल पर बुला लिया गया। पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।