राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार को बारिश हुई है, जिससे तापमान में कमी आई और लोग राहत महसूस कर रहे हैं। इससे पहले मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में गुरुवार को बारिश की संभावना जाहिर की थी।
दिल्ली में सुबह का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अनुमान है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रह सकता है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 68 प्रतिशत रहा।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 8.05 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 100 रहा और दिल्ली में हवा की गुणवत्ता ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में दर्ज की गयी। इससे आने वाले दिनों में प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं अगले तीन दिनों तक दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। लेकिन उमस भरी गर्मी से दिल्ली वासियों को राहत नहीं मिलने वाली है।
दिल्ली में मानसून पहुंचने में अभी समय लगेगा। मानसून के राजस्थान, गुजरात के शेष हिस्से, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली पहुंचने के लिए वायुमंडलीय स्थिति अनुकूल नहीं है।आईएमडी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्तमान चक्रवातीय स्थिति के कारण मॉनसून उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों में अगले पांच दिनों में धीरे-धीरे पहुंच सकता है।
आईएमडी के वरिष्ठ अधिकारी कुलदीप श्रीवास्तव का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी को मानसून के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। पछुआ हवाओं के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून के पहुंचने की गति प्रभावित हुई है। लेकिन उसके अपने निर्धारित दिन से पहले पहुंचने की पूरी संभावना है।