रांची। झारखंड पुलिस का स्पेशल ब्रांच विभाग सात महीने से बिना मुखिया के चल रहा है। राज्यभर की खुफिया सूचना जुटाने की जिम्मेदारी स्पेशल ब्रांच के पास है लेकिन 20 अक्टूबर, 2021 से ही स्पेशल ब्रांच एडीजी का पद खाली चल रहा है। इतना लंबा समय बीत जाने के बाद भी स्पेशल ब्रांच में एडीजी की पोस्टिंग नहीं की गई है। इतना ही नहीं आईजी रैंक के अधिकारी को स्पेशल ब्रांच का प्रभार दिया गया है।
ये पद हैं खाली
डीजी गृह रक्षा वाहिनी, एडीजी आधुनिकीकरण, एडीजी विशेष शाखा, आइजी रेल, डीआइजी, एसआइबी, आइजी संगठित अपराध, आइजी सीआइडी, निदेशक झारखंड पुलिस एकेडमी, डीआइजी जंगल वारफेयर स्कूल, डीआइजी वायरलेस, डीआइजी गृह रक्षा वाहिनी, एसपी यातायात रांची, एसपी गृह रक्षा वाहिनी, एसपी एसआइबी, प्राचार्य टीटीएस, सिटी एसपी धनबाद, पलामू जोनल आईजी, दुमका जोनल आईजी जैसे महत्वपूर्ण पद खाली चल रहे हैं।
बताया जाता है कि झारखंड कैडर में आईपीएस अधिकारियों के स्वीकृत पदों की संख्या 157 है, जिसमें अभी 104 अधिकारी ही हैं। 54 पद सीधे तौर पर खाली पड़े हैं। इन 104 अधिकारियों में 19 केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं। इससे वास्तव में सूबे में 81 आईपीएस अधिकारियों की ही तैनाती है।