मेदिनीनगर। केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से जनहित में की गई कल्याणकारी योजनाओं को लेकर डालटनगंज के शिवाजी मैदान में रविवार को जनसभा की गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। देश नई ऊंचाइयों के साथ विश्व स्तर पर पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर खड़ा हुआ है।
दीपक ने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार राज्य को लूटने में व्यस्त है। लगातार गिरती विधि व्यवस्था से लेकर महिला उत्पीड़न की घटना झारखंड में रोज घटती है। आने वाले 2024 में इस सरकार को उखाड़ फेंकना है और भाजपा की डबल इंजन की सरकार राज्य एवं केंद्र में बनानी है। कार्यकर्ता संकल्पित हो जाएं और अपने कार्य में लग जाएं।
पलामू सांसद बीडी राम ने कहा कि मेदिनीनगर क्षेत्र की प्रमुख समस्या पानी पाइपलाइन सप्लाई करने के लिए राशि की व्यवस्था की गई लेकिन राज्य सरकार की कमीशनखोर नीति के कारण अधर में है। केंद्र सरकार से पलामू एवं गढ़वा में बिजली सप्लाई के लिए सोलर प्लांट की स्वीकृति मिली है लेकिन आज तक उसके लिए जमीन ही राज्य सरकार ने उपलब्ध नहीं कराई है। शिक्षा के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान, केंद्रीय एवं नवोदय विद्यालय, एकलव्य विद्यालय का निर्माण कराया गया है।
झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंद्र राय ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार ने लोगों से जो वादा किया वह अभी तक पूरा नहीं किया। आने वाले समय 2024 में झारखंड की जनता उनको सबक जरूर सिखाएगी। पिछले 60 सालों में कांग्रेस ने देश को सिर्फ लूटा है। महा जनसंपर्क अभियान के प्रमंडलीय प्रभारी गणेश मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियां जन जन तक पहुंचाने का काम हर एक कार्यकर्ता की जिम्मेवारी है।20 से 30 जून तक बूथ स्तरीय घर-घर संपर्क के दौरान जन कल्याणकारी योजनाओं को लोगों के बीच बताना है और विपक्ष द्वारा मोदी को बदनाम करने के लिए किस प्रकार का प्रोपेगंडा चलाया जा रहा है, इसको भी आमजन के बीच बताना है।
जनसभा को विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, आलोक चौरसिया, शशि भूषण मेहता, श्याम नारायण दुबे, जिलाध्यक्ष विजय आनंद पाठक, ओमप्रकाश केसरी एवं अन्य नेताओं ने संबोधित किया।