बेगूसराय। केंद्र सरकार द्वारा बेगूसराय में कर्मचारी राज्य बीमा निगम का अस्पताल खोलने की स्वीकृति दिए जाने पर हर ओर हर्ष का माहौल है। अस्पताल की स्वीकृति देने के लिए सरकार का आभार जता रहे है।
इस अस्पताल को खोलने के लिए केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ बेगूसराय के भाजपा विधायक कुंदन कुमार ने भी बड़ी पहल की थी। कुन्दन कुमार ने बिहार विधानसभा में आयोजित सत्रों के दौरान अलग-अलग प्रश्नों के माध्यम से औद्योगिक नगरी की महत्ता को देखते हुए कर्मचारी राज्य बीमा निगम का अस्पताल बनवाने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किया था।
कुन्दन कुमार ने सोमवार को कहा कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों के माध्यम से सरकार से अस्पताल के लिए आवश्यकताओं की बढ़ती मांग को उजागर किया। ईएसआईसी अस्पताल नहीं होने से कर्मचारियों को इलाज कराने में काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ता था। जनता के समस्या को हमने सड़क से सदन तक ले जाने का प्रयास किया और आज वह प्रयास सफल होता दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि धन्यवाद के पात्र हैं बेगूसराय के सांसद-सह-केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह। जिन्होंने इस प्रयास को अलग दिशा देने का प्रयास किया। उनके सशक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप सरकार ने अस्पताल को सफलतापूर्वक हरी झंडी दी है। इस उपलब्धि के साथ बेगूसराय में कार्यरत कर्मियों को और उच्चतम स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होगी।