बेगूसराय। केन्द्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एवं आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम ने आय से अधिक संपत्ति एवं टैक्स चोरी का इनपुट मिलने पर बेगूसराय निवासी उद्योगपति पर गुरुवार की सुबह से बड़ी कार्रवाई कर रही है।

ईडी एवं आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी मंत्री विजय चौधरी के साला अजय कुमार सिंह उर्फ कारू सिंह के बेगूसराय स्थित आवास एवं फैक्ट्री समेत पांच जगहों के अलावा दिल्ली एनसीआर सहित देश में कई अन्य जगह छापेमारी चल रही है।

अधिकारी केंद्रीय सुरक्षाबलों की टीम के साथ दस गाड़ियों से सुबह पांच बजे ही बेगूसराय के श्रीकृष्ण सिंह नगर स्थित आवास पर पहुंची। इस बीच अधिकारियों की अन्य टीम कारु सिंह के फुलवरिया थाना क्षेत्र में एनएच-28 किनारे स्थित ब्रॉडवे लिंक प्राइवेट लिमिटेड, बियाडा परिसर में निर्माणाधीन इथनौल फैक्ट्री, सिंघौल स्थित जेसीबी एजेंसी सहित अन्य जगहों पर छापेमारी किया है।

कहा जा रहा है कि कारु सिंह के एनसीआर आवास के अलावा देश के कई अन्य ठिकाने पर भी छापेमारी चल रही है। समाचार भेजे जाने तक सभी जगह एक साथ छापेमारी जारी रहने के कारण इस संबंध में कुछ जानकारी नहीं मिल रही है। सुरक्षा बलों की टीम ने बेगूसराय आवास के मुख्य द्वार को बंद कर रखा है। ब्रॉडवे लिंक प्राइवेट लिमिटेड एवं लोहा फैक्ट्री सहित अन्य जगहों का भी मुख्य द्वार बंद कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि मटिहानी के मूल निवासी बड़े कारोबारी अजय कुमार सिंह उर्फ कारु सिंह का बेगूसराय जिला मुख्यालय सहित देश के कई शहरों में आलीशान भवन और कारोबार है। कारु सिंह बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी के साला हैं। इनका जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुंगेर के सांसद ललन सिंह तथा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी करीबी संबंध है।

बेगूसराय के बड़े उद्योगपति, संवेदक, बिल्डर और कारोबारी में शुमार अजय कुमार सिंह उर्फ कारु सिंह का बेगूसराय एवं सिंगापुर सहित तीन जगहों पर लोहा फैक्ट्री है। इथेनॉल फैक्ट्री बन रहा है। वहीं, बिहार और झारखंड सहित कई अन्य जगहों के उद्योगों, बिल्डिंग कारोबार एवं ठेकेदारी में भी पार्टनरशिप है।

कहा जा रहा है कि उद्योग एवं अन्य व्यवसाय में टैक्स चोरी के अलावा टेंडर घोटाला, नेताओं के लिए चुनाव में फाइनेंस, झारखंड में टेंडर का मैनेजमेंट आदि इनके द्वारा करने की सूचना थी। ललन सिंह के चुनाव में इन्होंने मैनेजमेंट किया था। पटना में आयोजित विपक्षी दलों की बैठक में इनके द्वारा फंड मैनेजमेंट का इनपुट मिला था।

विविध इनपुट मिलने के बाद टीम छापेमारी कर रही है। फिलहाल इस संबंध में कोई अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। लेकिन चर्चा है कि बेगूसराय आवास पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। वहीं, दो गोदरेज का लॉक नहीं खुल सका है, इसके लिए चाभी मंगाया जा रहा है, इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। संभावना है कि टीम की कार्रवाई शुक्रवार तक चलेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version