रांची। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल से रिहा होने के बाद झामुमो कार्यकर्ता उत्साहित हैं। वे उनके आगमन पर जश्न मना रहे हैं। अदालत से जमानत मिलने के बाद से ही रांची की सड़कों पर उनके पोस्टर लगने शुरू हो गये थे। राजधानी रांची की सड़कों पर शनिवार को उनके समर्थन में बैनर-पोस्टर लगे दिखायी पड़े। बता दें कि 31 जनवरी की रात को इडी ने जमीन घोटाले के आरोप में हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था।
तब से वे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद थे। करीब पांच महीने बाद 28 जून को झारखंड हाइकोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। सीपीआइ महासचिव डी राजा ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अदालत का यह फैसला स्वागत योग्य है। केंद्र सरकार विपक्षी दलों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उनकी रिहाई से इंडी गठबंधन और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि न्याय की जीत होगी, सच्चाई की जीत होगी।
जेएमएम सांसद महुआ मांझी ने शनिवार को कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड में बहुत लोकप्रिय नेता हैं। लोकसभा चुनाव में उनकी अनुपस्थिति के बावजूद जनता ने हमारा समर्थन किया। जेल से उनकी रिहाई के बाद काफी उत्साह है। लोकप्रिय नेता हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करके वोट बटोरने की भाजपा की साजिश विफल रही है।