-साझा प्रयास से झारखंड बनेगा नशा मुक्त: चंपाई
-नशा को बढ़ावा देने वालों को हर हाल में रोका जाये
रांची। सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड को नशा मुक्त प्रदेश बनाना है और इसमें हर किसी को अपनी सहभागिता निभानी होगी। सभी के प्रयासों से ही मादक और नशीले पदार्थों पर रोकथाम संभव है। मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट भवन में नशा मुक्त झारखंड बनाने के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना करने के क्रम में ये बातें कहीं। मौके पर अभियान के तहत नशा से दूर रहने की शपथ ली गयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे पर नियंत्रण की दिशा में जागरूकता रथ को रवाना किया जाना, एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे नशे के दुष्प्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक करने में मदद मिलेगी। लोग यह समझ सकेंगे की नशे की वजह से उनका कितना नुकसान हो रहा है और इससे कैसे बचा जा सकता है।
बेहतर समाज और बेहतर राज्य बनाना है
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि बेहतर समाज और बेहतर राज्य बनाने के लिए नशा पर नियंत्रण बहुत जरूरी है। शहर हो या गांव, हर किसी को नशे से दूर रहना होगा। जो नशा को बढ़ावा दे, उसे भी रोकने के लिए सभी को आगे आना होगा। हर किसी के सहयोग से इस अभियान में निश्चित तौर पर सफल होंगे।
नशे से समाज में फैल रही कई विकृतियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि कि नशे की वजह से समाज में तरह-तरह की विकृतियां फैलती हैं। इससे युवाओं में अपराध की प्रवृत्ति बढ़ती है। परिवार में अलगाव होता है। स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ता है। बीमारियां उसे गिरफ्त में लेने लगती है। सबको मिल कर नशा के खिलाफ जागरूक करना होगा।
6 जागरूकता रथ रवाना
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नशा मुक्त झारखंड बनने के लिए 6 जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें चार जागरूकता रथ रांची और एक-एक रामगढ़ और खूंटी जिले के लिए है। राज्य के सभी जिलों में 19 से 26 जून तक नशे के विरुद्ध जागरूकता रथ निकाला जा रहा है।
इनकी रही मौजूदगी
मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक जीगा सुसारण होरो, मुख्य सचिव एल ख्यांग्ते, प्रधान सचिव वंदना दादेल और डीजीपी अजय कुमार सिंह समेत कई मौजूद थे।