पटना। राज्य के मुजफ्फरपुर में मंगलवार को बेला औद्योगिक थाना क्षेत्र के बेला मोर के समीप एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से प्राइवेट कंपनी के ऑफिस में काम करने वाली एक महिला को गोली मारी। बदमाशों ने तीन गोली चलाई गई, जिसमें महिला को एक गोली लगी।
गोलीबारी की इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर बेला थाना पुलिस के साथ मिठनपुरा थाना पुलिस भी पहुंची और तहकीकात शुरू कर दी है। घायल महिला की पहचान क्षेत्र के रहने वाली समृद्धि वर्मा के रूप में हुई है। वह आर्यन वर्मा की पत्नी बताई गई है।
बेला थानेदार रंजना वर्मा ने बताया कि बदमाशों की फायरिंग में एक महिला को गोली लगी है। घायल महिला को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की टीम जांच-पड़ताल कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है दिनदहाड़े छिनैती करने के चक्कर में बदमाशों ने पहले महिला को रोकना चाहा। जब महिला नहीं रुकी तो हवा में गोली चलाई। फिर भी महिला भागने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद बदमाशों ने उसे गोली मार दी।