रांची। राज्य का मौसम करवट ले रहा है। 22 जून को मानसून की इंट्री होने की संभावना है। इसी के साथ गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिलेगी। मानसून के झारखंड में प्रवेश करने से पहले ही मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची स्थित मौसम केंद्र ने कुछ जिलों में बारिश-वज्रपात का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही उत्तर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी भागों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बुधवार को बताया कि गुरुवार को झारखंड में कुछ जगहों पर गरज और तेज हवाओं के साथ वज्रपात हो सकता है। इस दौरान वर्षा भी होगी। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। रांची में भी गुरुवार को बादल छाये रहेंगे। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की उम्मीद है। इसके बाद 23 जून तक झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी। इस दौरान लोग सावधान रहें। किसान खेतों की ओर जाने से बचें। पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें।