-सीता सोरेन और समीर उरांव से मिले असम के सीएम हिमंता
रांची। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने हेमंत सोरेन की जमानत पर कहा है कि हर दिन कई लोग जेल जाते हैं और हर दिन कई लोगों को जमानत मिलती है। इसका अकाउंटिंग करना भाजपा का काम नहीं है। यहां तो भ्रष्टाचार चरम पर है। आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। पेपर लीक हो रहे हैं। झारखंड में हुए लोकसभा चुनाव में लोगों ने भाजपा के पक्ष में वोट देकर आखिर क्या मैसेज दिया। लोगों ने बताया कि वे यहां की सरकार से खुश नहीं हैं।
हिमंता एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को झारखंड पहुंचे
हिमंता एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को झारखंड पहुंचे। उन्होंने कहा कि संथाल में घुसपैठ और लव जिहाद को रुकवाना भाजपा की प्राथमिकता है। कोई गलत तरीके से घुसपैठ कर यहां की आदिवासी लड़कियों से शादी ना करे। इसे रोकना है। भाजपा के मेनिफेस्टो में इस मुद्दे को शामिल किया जायेगा।
सीता सोरेन और समीर उरांव से भी मिले हिमंता बिस्वा सरमा
रांची पहुंचते ही हिमंता बिस्वा सरमा ने सीता सोरेन के आवास पर उनसे मुलाकात की। हिमंता के साथ नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश मौजूद थे। इसके बाद लोहरदगा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार समीर उरांव से मुलाकात की। बताते चलें कि सीता सोरेन ने अपनी हार के लिए बीजेपी के बड़े नेताओं और विधायक को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने भाजपा की पूर्व मंत्री लुइस मरांडी और सारठ विधायक रणधीर सिंह पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया था। सीता सोरेन ने कहा था कि चुनाव में भाजपा के संगठन की जो मजबूती है, वह देखने को नहीं मिली। भाजपा के कार्यकर्ता मनमानी पर उतर आये थे।